वाराणसी : दुकान से खाद्य सामग्री चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल खरीदने वाला दुकानदार भी पकड़ाया

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कोतवाली पुलिस ने दुकान से खाद्य सामग्री चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले एक दुकानदार को भी पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मखाना, काजू, लौंग, किशमिश, गरी पाउडर, इलायची, जावित्री समेत बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल मात्रा कई दर्जन किलोग्राम है।

पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त को एक दुकानदार की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विशाल खरवार, अभिजीत कुमार और रवि जायसवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार शंभू नाथ केशरी के गोदाम से भी माल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दुकान से खाद्य सामग्री चोरी करने के बाद उसे रवि जायसवाल को देते थे। रवि चोरी के सामान को पिकअप वाहन में लदवाता था, जबकि अभिजीत उसे सिगरा स्थित शंभू नाथ केशरी के कटरे में पहुंचाता था। इसके बाद चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम को तीनों आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर तीन बोरियों में कुल 22.257 किलोग्राम मखाना बरामद किया। इसके अलावा करीब 42.800 किलोग्राम काजू, विभिन्न पैकेटों में लौंग, लगभग 21 किलोग्राम किशमिश, गरी पाउडर, नारियल पाउडर, बड़ी इलायची, जावित्री और अन्य खाद्य सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में विशाल खरवार, अभिजीत कुमार, रवि जायसवाल तीनों पड़ाव क्षेत्र, चंदौली के निवासी बताए गए हैं। वहीं चोरी का सामान खरीदने के आरोप में शंभूनाथ केशरी निवासी सिगरा, वाराणसी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी और बरामदगी 10 अगस्त को थाना कोतवाली परिसर में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह, उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, कांस्टेबल विकेश कुमार, अखिलेश कुमार और महिला कांस्टेबल मधु मिश्रा शामिल रहीं।

Share this story