वाराणसी : लखवा बगीचे में पुलिस की छापेमारी, जुआ खेलते तीन धराए, नकदी और ताश के पत्ते मिले
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मनकईया (लखवा) गांव स्थित एक बगीचे में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने रविवार देर रात छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उपनिरीक्षक कौशल किशोर अपनी पुलिस टीम के साथ मनकईया स्थित लखवा चट्टी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लखवा बगीचे में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मुक्तार अहमद (34 वर्ष) निवासी मधुकर शाहपुर, संजय चौबे (50 वर्ष) तथा सुनील चौबे (42 वर्ष) निवासी भोरकला, थाना मिर्जामुराद के रूप में हुई।तलाशी और मौके की जांच के दौरान पुलिस ने जुए के फड़ से 1250 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 800 रुपये नकद मिले। पुलिस ने जुआ खेलने में प्रयुक्त 52 अदद ताश के पत्ते भी जब्त कर लिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों के विरुद्ध सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

