वाराणसी : जुआ खेलते तीन गिरफ्तार, ताश के पत्ते और नकदी बरामद, धन्नीपुर भट्ठा से पुलिस ने दबोचा
वाराणसी। अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहता पुलिस ने जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और मौके से 52 ताश के पत्ते तथा 690 रुपये जुआ की फड़ की रकम बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा तलाशी के दौरान 260 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहता थाना क्षेत्र के धन्नीपुर भट्ठा के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे तीन लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हबीब पुत्र अजीम उर्फ महंगू, निवासी कन्हई सराय हरपालपुर, मोबीन पुत्र मो. मुस्लिम, निवासी धन्नीपुर हरपालपुर और नूर मोहम्मद उर्फ नानक पुत्र स्व. मो. इब्राहिम, निवासी रहीमपुर, थाना लोहता के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और 690 रुपये माल-फड़ बरामद किए। आरोपियों की जामा तलाशी में 260 रुपये नकद मिलने की बात भी पुलिस ने कही है।
लोहता पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना लोहता में मु0अ0सं0 0235/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में जुआ समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना बताया गया है। पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

