वाराणसी: चोरों ने बंद घर को बनाया निशाना, जेवर और बाइक समेत लाखों का सामान उड़ाया
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्थरा कला गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पीड़ित जितेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, वह नौकरी के सिलसिले में घर बंद कर बाहर गए हुए थे। 5 मई 2026 को उनके पड़ोसी और चाचा अंगद सिंह ने फोन कर जानकारी दी कि उनके घर का मुख्य दरवाजा खुला है और ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस टीम के पहुंचने के बाद जब घर का निरीक्षण किया गया तो सभी कमरों के ताले टूटे मिले और अलमारियां पूरी तरह खंगाली हुई थीं। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ प्रतीत होता है कि चोरों ने आराम से पूरे घर की तलाशी ली और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
पीड़ित के मुताबिक, चोर घर से एक दोपहिया वाहन Honda Shine (नंबर यूपी 65 एफएक्स 0994) भी चोरी कर ले गए। इसके अलावा सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत कई लाख रुपये का सामान गायब है। चोरी गए सामान में सोने का नथिया, मांगटीका, हार, चेन, अंगूठियां, झुमके और चांदी की पायल जैसी वस्तुएं शामिल हैं।
चोरी की इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर मशीन भी अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
थाना प्रभारी बीरेंद्र सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

