वाराणसी : पुलिस पिकेट के सामने दुकान में चोरी, चोरों ने 50 हजार नकदी समेत डेढ़ लाख का सामान किया पार, कुरकुरे और नमकीन भी खाए
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भिखारीपुर में पुलिस पिकेट के सामने चोरों ने नंदलाल पान भंडार व जनरल स्टोर को निशाना बनाया। गुरुवार देर रात दुकान बंद होने के बाद चोर टीन शेड तोड़कर अंदर घुसे और करीब 50 हजार रुपये नकद समेत चॉकलेट, सिगरेट, गुटखा आदि सामान चोरी कर ले गए। दुकानदार ने चोरी गए सामान समेत कुल नुकसान करीब डेढ़ लाख रुपये बताया है।
दुकान में घुसने के बाद चोरों ने सीसीटीवी कैमरे की नजर से बचने का भी प्रयास किया। उन्होंने कैमरे पर गमछा डाल दिया, जिससे दुकान के अंदर की गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें। हालांकि, गमछा डालने से पहले और बाद की कुछ गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हो गईं। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश में जुटी है।
दुकानदार के मुताबिक चोरों ने दुकान में रखे नकदी के अलावा चॉकलेट, सिगरेट, गुटखा और अन्य सामान पर हाथ साफ किया। चोरी के दौरान उन्होंने दुकान में रखे कुरकुरे और नमकीन भी खाए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी देर तक दुकान के अंदर रहकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। वारदात के बाद पुलिस पिकेट के सामने हुई चोरी को लेकर स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता है।

