वाराणसी : जनरल स्टोर का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों का माल किया पार, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना बाजार में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक जनरल स्टोर का ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव निवासी मनोज गुप्ता की करधना बाजार में जनरल एवं परचून की दुकान है। शनिवार देर शाम वह रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब ₹5 हजार नकद के अलावा जनरल स्टोर का हजारों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर फरार हो गए।
रविवार सुबह जब मनोज गुप्ता दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और नकदी समेत कई सामान गायब मिले। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और मिर्जामुराद थाने में लिखित तहरीर देकर चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

