वाराणसी : साड़ी की दुकान से नकदी व कीमती सामान समेट ले गए चोर, लाखों की चोरी
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल सारनाथ में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मुख्य मार्ग पर स्थित एक साड़ी की दुकान में मंगलवार भोर लगभग दो बजे अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी सहित लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी रही।
पुरातात्विक संग्रहालय से सारनाथ मुख्य चौराहे तक का क्षेत्र सरकार द्वारा ‘प्रो-पुअर प्रोजेक्ट’ के तहत विकसित किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं और यह क्षेत्र नो-व्हीकल जोन घोषित है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे दिया।
मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर परिसर से सटी वन विभाग से आवंटित साड़ी व्यवसायी कंचन गुप्ता की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर टीन शेड काटकर दुकान के अंदर घुसे और कैश काउंटर में रखे लगभग 1.25 लाख रुपये समेत कीमती साड़ियां चोरी कर ले गए। कुल मिलाकर करीब दो लाख रुपये की चोरी बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है, जिसने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था और उसने शर्ट भी नहीं पहन रखी थी, जिससे उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटनास्थल से महज 300 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ मौजूद है, जबकि पास ही स्थित संग्रहालय में राष्ट्रीय प्रतीक सहित कई बहुमूल्य पुरातात्विक धरोहरें संरक्षित हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्त न के बराबर होती है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

