वाराणसी: तेरहवीं में शामिल होने गया परिवार, चोरों ने खंगाल दिया पूरा घर, एक करोड़ से अधिक का माल कर दिया पार, उखाड़ ले गए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। परिवार के सदस्य रिश्तेदारी में तेरहवीं में शामिल होने गांव गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी समेत एक करोड़ से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया।

घटना भेल के सामने नवसाधना स्कूल के पास स्थित एक मकान की है। पीड़ित परिवार के अनुसार घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। नकदी और अन्य कीमती सामान को मिलाकर कुल नुकसान लगभग 2.5 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

परिवार जब वापस लौटा तो घर के दरवाजे और सामान की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एडीसीपी काशी जोन लिपि नागायच, एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय तथा शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर मकान के पिछले हिस्से से घर में दाखिल हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने सबूत मिटाने की कोशिश भी की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाला डीवीआर भी चोर अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान न हो सके।

पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित परिवार ने एक संदिग्ध व्यक्ति पर शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस बड़ी घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।


