वाराणसी : गोदाम का ताला तोड़ कर चोरों ने चार लाख का पेंट किया चोरी, पिकअप से आए चोर, घटना के बाद गोदाम में जड़ दिया दूसरा ताला
वाराणसी। चौबेपुर बाजार में चोरों ने एक व्यापारी के गोदाम को निशाना बनाते हुए करीब चार लाख रुपये मूल्य का पेंट चोरी कर लिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोर पिकअप से आए थे और जाते समय गोदाम पर दूसरा ताला जड़कर चले गए। घटना से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बलुआ रोड निवासी संतोष कुमार बरनवाल के बेसमेंट स्थित गोदाम में 20 लीटर की पेंट बाल्टियां रखी थीं। चोर पिकअप वाहन लेकर पहुंचे। उन्होंने गोदाम के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी 60 बाल्टी पेंट वाहन पर लाद ली। जाते समय चोर अपने साथ लाया गया दूसरा ताला गेट पर लगाकर फरार हो गए, ताकि चोरी की जानकारी देर से हो सके।
अगले दिन सुबह जब कारोबारी के बेटे ने गोदाम का ताला बदला देखा तो उसे शक हुआ। पूछताछ के बाद जब गोदाम का दूसरा दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो पेंट की सभी बाल्टियां गायब थीं। चोरी गए पेंट की कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पिकअप वाहन से सामान ले जाते चोर दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में वाहन की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दर्ज हैं, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

