वाराणसी : घर में घुसकर गैस सिलेंडर उठा ले गए शातिर चोर, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी स्थित श्रीवास्तव बस्ती में चोरी की एक घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोर एक घर में घुसकर गैस सिलिंडर चोरी कर ले गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पीड़ित अजीत कुमार श्रीवास्तव के अनुसार घटना के समय घर के बाहर सामान्य गतिविधियां चल रही थीं। इसी बीच करीब 20 से 25 वर्ष आयु के दो युवक स्कूटी से वहां पहुंचे। कुछ देर तक आसपास की स्थिति का जायजा लेने के बाद दोनों युवक घर के अंदर दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने कमरे में रखा गैस सिलिंडर उठाया और स्कूटी के सहारे मौके से फरार हो गए।

परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई जब उन्होंने गैस सिलिंडर को उसके स्थान पर नहीं पाया। संदेह होने पर घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी गई। फुटेज में दो युवक सिलिंडर लेकर जाते हुए स्पष्ट दिखाई दिए। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर चितईपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि छोटी-बड़ी चोरी की घटनाओं में वृद्धि से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही संदिग्ध युवकों को चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story