वाराणसी : शादी वाले घर को निशाना बनाकर चोरों ने उड़ाए दो गैस सिलिंडर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां देर रात अज्ञात चोर एक घर से दो गैस सिलिंडर लेकर फरार हो गए। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सुसुवाही नासिरपुर इलाके में रहने वाले रतन पटेल के घर में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। इसी वजह से घर में अतिरिक्त गैस सिलिंडर मंगाकर रखे गए थे। शनिवार देर रात करीब तीन बजे दो अज्ञात युवक घर में घुसे और वहां रखे दोनों गैस सिलिंडर चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे, जिससे किसी को भी चोरों की भनक तक नहीं लगी।
सुबह जब परिवार के लोग जागे तो गैस सिलिंडर गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। फुटेज में दो युवक एक ऑटो रिक्शा से मौके पर पहुंचते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वे घर में दाखिल होते हैं और कुछ ही देर में दोनों गैस सिलिंडर लेकर उसी ऑटो में बैठकर फरार हो जाते हैं।
इस मामले में थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

