वाराणसी : शादी समारोहों से बाइक चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइकें बरामद
वाराणसी। गोमती जोन में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत थाना जंसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि परमंदापुर स्थित फौजी तालाब के पास एक संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना जंसा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रविशंकर पटेल (29) निवासी अमवा कला, थाना चौरी, जनपद भदोही को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह शादी समारोहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच देता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-65 सीजे-1763 को उसने बाबतपुर क्षेत्र से फरवरी माह में चोरी किया था। वहीं स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूपी-65 डीजेड-6552 को कपसेठी क्षेत्र के मझगवां कला से चुराया था।
अभियुक्त ने यह भी बताया कि उसने वाराणसी शहर क्षेत्र से एक अन्य हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की थी, जिसकी नंबर प्लेट हटा दी गई थी। दोनों मोटरसाइकिलों को उसने देवता तालाब (संजोई) के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा था, ताकि बाद में उन्हें बेच सके। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दोनों वाहन भी बरामद कर लिए।
इस संबंध में थाना जंसा में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बरामद वाहनों के सत्यापन और आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में जंसा पुलिस टीम ने संपन्न की।

