वाराणसी : ‘सम्राट विक्रमादित्य’ महानाट्य का दूसरा दिन, मंच पर जीवंत हुआ भारत के स्वर्ण युग का वैभव
वाराणसी। काशी में आयोजित तीन दिवसीय ‘सम्राट विक्रमादित्य’ महानाट्य के दूसरे दिन दर्शकों का उत्साह चरम पर नजर आया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवा नियोजन मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृत विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित इस भव्य महानाट्य में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन और उनकी गौरवगाथा का प्रभावशाली मंचन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान डॉ. राजेश कुशवाहा, पंडित नरेश शर्मा, महानाट्य के निर्देशक संजीव मालवीय और राजा भोज शोध प्रभाग के निदेशक संजय यादव ने अतिथियों को अंगवस्त्र, विक्रम पंचांग और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम स्थल पर हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कलाकारों के सशक्त अभिनय, भव्य मंच सज्जा और ऐतिहासिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह महानाट्य न केवल ऐतिहासिक विरासत को जीवंत कर रहा है, बल्कि काशी की सांस्कृतिक धरोहर को भी नई पहचान दे रहा है। आयोजकों के अनुसार, ऐसे आयोजनों से कला और संस्कृति के प्रति लोगों की रुचि बढ़ती है और युवा पीढ़ी को इतिहास से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी, पूर्व विधायक जगदीश पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देखें वीडियो

