वाराणसी : सीर गोवर्धनपुर की हालत बदतर, मोहल्ले में भरा घुटने भर पानी, जनता त्रस्त, अधिकारी मस्त 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर के वार्ड संख्या 23 सीरगोवर्धनपुर की हालत बद से बदतर है। बारिश में मोहल्ले के राजभर बस्ती में घुटने भर पानी भर गया है। पिछले काफी दिनों से जलभराव की समस्या है। गलियों और लोगों के घरों में पानी घुसा हुआ है। लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। वहीं सांप, बिच्छु जैसे जहरीले जंतुओं के भी शिकार बन रहे हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम प्रशासन बेपरवाह बना है। इससे लोगों में आक्रोश गहराता जा रहा है। लोगों ने दो दिनों में समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। 

vns

दरअसल वार्ड में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया है। लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है। ऐसे में जीवनयापन दूभर हो गया है। स्थानीय निवासियों की मानें तो समस्या जब से बारिश का दौर शुरू हुआ तभी से बनी हुई है। काफी दिनों से लोग समस्या झेल रहे हैं। इसको लेकर कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन न तो नगर निगम प्रशासन और न ही जलकल विभाग इसका संज्ञान ले रहा है। 

vns

लोगों ने बताया कि जलभराव की वजह से मच्छरों की तादाद काफी बढ़ गई है। इससे संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। वहीं जहरीले जंतुओं का भय भी बना रहता है। एक दिन पूर्व रात में पानी वाले रास्ते से घर जाते समय सांप ने युवक को काट लिया। उसका बीएचयू अस्पताल में उपचार चल रहा है। सपा नेता अमन यादव ने दुर्व्यवस्था के लिए शासन-प्रशासन को आड़े हांथों लिया। 

vns

उन्होंने कहा कि यहां संत शिरोमणि रविदास की जन्मस्थली है। उनकी जन्मस्थली पर पीएम और सीएम समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री व दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगता है। देश-विदेश से अनुयायी पहुंचते हैं। इसके बावजूद इस इलाके की हालत इतनी दयनीय है। उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था, फॉगिंग कराने समेत अन्य मांगें की। चेताया कि यदि दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।

vns

vns

Share this story