वाराणसी : कजरहवा मेले में उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं की भारी भीड़ से गुलजार हुआ भैरवतालाब रथयात्रा मेला

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भैरवतालाब, राजातालाब में आयोजित ऐतिहासिक रथयात्रा मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को पारंपरिक "कजरहवा मेला" पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मेले में ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रही, जिससे पूरा मेला परिसर दिनभर गुलजार रहा। महिलाओं ने परंपरा के अनुसार मेहंदी और गोदना (टैटू) लगवाए तथा श्रृंगार और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की।

मेला सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजकुमार राजभर ने बताया कि कजरहवा मेले का विशेष महत्व महिलाओं से जुड़ा है। इस दिन आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं परिवार के साथ मेले में पहुंचती हैं और वर्षों पुरानी परंपराओं का निर्वहन करती हैं। मेले में बच्चों और युवाओं ने झूले, सर्कस, जादूगर के करतब और अन्य मनोरंजन कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया। वहीं आम, ननखटाई, खिलौनों और विभिन्न खाद्य सामग्री की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही। लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों से मिलकर मेले के उत्सव का आनंद लेते नजर आए।

123

मेले के दौरान हुई हल्की बारिश ने भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं किया। स्थानीय लोगों ने इसे भगवान इंद्र की कृपा बताते हुए बारिश के बीच भी पूरे उत्साह के साथ मेले का आनंद लिया। श्रद्धालु भीगते हुए भी मेले की परंपरा और धार्मिक माहौल का हिस्सा बने रहे।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खंड विकास अधिकारी आराजीलाइन सुरेंद्र सिंह यादव की देखरेख में मेला परिसर में पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी, ट्रैफिक पुलिस और गोमती जोन की पुलिस तैनात रही। राजातालाब-जंसा मार्ग पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया, जिससे मेला क्षेत्र में भीड़ का सुचारु संचालन हो सके।

मेले का निरीक्षण करने पहुंचे डीआईजी शिव हरि मीणा, एडीसीपी नृपेंद्र और एसीपी वीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेला सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार पांडेय एवं मेला सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजकुमार राजभर की निगरानी में समिति के पदाधिकारियों और पुलिस प्रशासन के समन्वय से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान समिति के प्रबंधक सुदामा राम, सलाहकार मोहम्मद अनवर, श्यामलाल, तेज बहादुर पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

Share this story