वाराणसी : थाना चौक को मिला ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र, कमिश्नरेट का पहला ISO प्रमाणित थाना
तीन माह के थर्ड पार्टी ऑडिट में गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरा थाना, पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों-कर्मियों को दी बधाई
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिसिंग में थाना चौक ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। थाना चौक को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर तीन माह तक चले थर्ड पार्टी ऑडिट में कार्यप्रणाली के मूल्यांकन के बाद थाना चौक कमिश्नरेट वाराणसी का पहला ISO प्रमाणित थाना बना है।
थाने की कार्यप्रणाली का जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, आगंतुक सुविधाओं, महिला हेल्प डेस्क, जनसंवाद और पुलिसकर्मियों के नियमित प्रशिक्षण समेत विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया गया। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल को भी ऑडिट में शामिल किया गया।

लगातार तीन माह तक चली थर्ड पार्टी ऑडिट में निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाओं और कार्यप्रणाली का आकलन किया गया। इसके बाद थाना चौक को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर थाना चौक के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस गुणवत्ता व्यवस्था को आधार बनाकर कमिश्नरेट के अन्य थानों को भी बेहतर मानकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
साइबर हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण
प्रमाणपत्र मिलने के बाद पुलिस आयुक्त ने थाना चौक का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।

अभियान के दौरान लोगों को मिशन शक्ति के साथ 112, 1090, 1076 और 1930 जैसी हेल्पलाइन की जानकारी देने पर जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आमजन को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से अपराध की रोकथाम व घटनाओं के अनावरण पर जोर दिया।
उत्कृष्ट कार्य के लिए मउनि मानसी वर्मा, हेकां कृष्ण कुमार सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार, महिला कांस्टेबल दिव्या सिंह, तेजस्वी ओझा और प्राची शुक्ला को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस मित्र निधि देव अग्रवाल और वालंटियर विजय मिश्रा को भी उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, संबंधित एसीपी, पुलिसकर्मी और व्यापारी मौजूद रहे।

