वाराणसी : छत से गिरने से किराएदार मजदूर की मौत, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के केसरीपुर में एक मकान की छत से गिरने से 50 वर्षीय किराएदार मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बलिया जिले के सिकंदरपुर निवासी विनय कुमार अपने परिवार के साथ केसरीपुर में दरोगा नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहते थे। रविवार को उनका शव मकान की बाउंड्री के अंदर पड़ा मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पत्नी मनुजा देवी ने बताया कि विनय कुमार शराब पीने के आदी थे। उनका अनुमान है कि देर रात वह नशे की हालत में छत पर गए होंगे और संभवतः संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
विनय कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिन सभी का विवाह हो चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

