वाराणसी : रील बनाते समय असलहे से चली गोली, किशोर घायल, दो हिरासत में
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव चौकी अंतर्गत बेहवरियापुर गांव में शनिवार दोपहर रील बनाने के दौरान गोली चलने से 17 वर्षीय युवक नितिन चौहान घायल हो गया। गोली उसके गाल में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की दोपहर बेहवरियापुर निवासी दिलीप मिश्रा के मकान पर नितिन चौहान, कृष्णा मिश्रा और शिवम चौहान मौजूद थे। तीन की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है। आरोप है कि तीनों अवैध असलहा लेकर रील बना रहे थे। इसी दौरान असलहे से अचानक गोली चल गई और नितिन चौहान घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी पिंडरा, फूलपुर थाना प्रभारी और कठिरांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। घायल नितिन को उपचार के लिए सीएचसी पिंडरा भेजा गया। बताया गया कि नितिन अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था और परिवार का इकलौता बेटा है।
पुलिस ने कृष्णा मिश्रा और शिवम चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना में प्रयुक्त बताए जा रहे अवैध असलहे के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

