वाराणसी : किशोरी का फांसी के फंदे से लटकता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस 

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में मंगलवार शाम 17 वर्षीय किशोरी का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई। फॉरेंसिक टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा किए। 

खालिसपुर निवासी संजय राजभर की पुत्री आकांक्षा राजभर (17) मंगलवार शाम घर में अकेली थी। परिजन रिश्तेदारी से वापस लौटे तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सामान भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

123

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ माह पहले किशोरी गांव के ही एक नाबालिग युवक के साथ घर से चली गई थी। इस संबंध में किशोरी के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त को आरोपी नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा था। ग्रामीणों का कहना है कि वह दो दिन पहले ही वहां से छूटकर गांव लौटा था।

किशोरी की मौत के बाद पुराने मामले और हाल की घटनाओं को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story