वाराणसी: रथयात्रा मेला दिखाने के बहाने किशोरी से दुष्कर्म, दो सगे भाई गिरफ्तार
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में वांछित दो सगे भाइयों को मिर्जामुराद पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को क्षेत्र के मेहदीगंज बस स्टॉप, रिंग रोड के पास से पकड़ा। दोनों ने रथयात्रा मेला दिखाने के बहाने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नागेपुर गांव निवासी आकाश उर्फ गोलू और राकेश कुमार पटेल उर्फ लूजे के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 70(2), 351(3), 352 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(जी) व 6 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री जिसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। दोनों आरोपित रथयात्रा मेला दिखाने के बहाने अपने साथ ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी।
प्रभारी निरीक्षक गोपालजी कुशवाहा के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार को क्षेत्र भ्रमण और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपितों को मेहदीगंज बस स्टॉप के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

