वाराणसी : किशोरी का अपहरण कर एक लाख रुपये में बेचा, बुलंदशहर के युवक से जबरन कराया विवाह, पांच आरोपी गिरफ्तार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाने क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी का अपहरण कर उसे एक लाख रुपये में बेचने और जबरन विवाह कराने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें तीन स्थानीय लोग हैं, जो पीड़िता के परिचित हैं। वहीं पीड़िता से शादी करने वाला युवक बुलंदशहर और उसका मामा मथुरा का रहने वाला है। पीड़िता का मेडिकल मुआयना कराने के साथ ही पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही। 

डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि 5 जुलाई को किशोरी के चाचा ने चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाए थे कि उनकी नाबालिग भतीजी का अपहरण कर उसे एक लाख रुपये में बेचकर जबरन शादी करा दी गई है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए इसकी जांच शुरू कर दी। 

123

डीसीपी ने बताया कि जिस नंबर से किशोरी से बात हुई थी, उसके आधार पर ही आरोपियों को ट्रेस किया गया। पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चौबेपुर के कमौली गांव निवासी शिवधनी, राहुल भारद्वाज और मैना देवी के साथ ही बुलंदशहर जिले के खुर्जा देहात कोतवाली के धराऊ गांव निवासी मोहित और मथुरा के थाना सुरीर के बदनपुर खंड मरकटी गांव निवासी नेम सिंह शामिल हैं। 

डीसीपी ने बताया कि मोहित से ही किशोरी की शादी कराई गई थी। नेम सिंह उसका मामा है, जिसने पैसे दिए थे। सभी आरोपियों को चौबेपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम में एसआई महेश मिश्रा, अपराजित सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल रमाकांत यादव, अभिषेक सिंह, कांस्टेबल सिंधु और महिला कांस्टेबल अनिता शामिल रहीं।

Share this story