वाराणसी : थाने में लगी किशोरी चौपाल, बेटियों ने पुलिस से पूछे बेबाक सवाल, जाना अपना अधिकार
वाराणसी। आदर्श ग्राम नागेपुर में संचालित किशोरी समर कैंप के अंतर्गत गुरुवार को एक अनूठा जागरुकता एवं शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आशा ट्रस्ट और लोक समिति के संयुक्त तत्वावधान में लगभग 150 किशोरियों को थाना मिर्जामुराद का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और पुलिस अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद किया। इस अवसर पर आयोजित "किशोरी चौपाल" चर्चा का मुख्य केंद्र रही, जिसमें बेटियों ने न केवल अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त की, बल्कि सामाजिक और प्रशासनिक मुद्दों पर भी बेबाकी से अपनी बात रखी।

थानाध्यक्ष गोपालजी कुशवाहा ने किशोरियों को संविधान प्रदत्त अधिकारों, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, महिला पावर लाइन 1090, साइबर अपराधों से बचाव, घरेलू हिंसा कानून और पॉक्सो अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि कानून सभी नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करता है और किशोरियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान किशोरियों ने पूरी निर्भीकता के साथ पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछे। एक किशोरी सुनीता ने पुलिस के व्यवहार को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि कई बार पुलिसकर्मी बातचीत के दौरान अपमानजनक भाषा का प्रयोग क्यों करते हैं और इसका समाज पर क्या प्रभाव पड़ता है। इस प्रश्न के बाद अन्य किशोरियों ने भी ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था, महिलाओं की समस्याओं, पुलिस की कार्यशैली और शिकायतों के निस्तारण से जुड़े अनेक प्रश्न रखे।
थानाध्यक्ष ने सभी सवालों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ उत्तर दिया। उन्होंने किशोरियों की जागरुकता, आत्मविश्वास और तार्किक सोच की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे का संबंध मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा आम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर रहती है।
चर्चा के दौरान कई किशोरियों ने अपने गांवों में जुआ और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। पुलिस अधिकारियों ने ऐसे मामलों में कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों से पुलिस को सूचना देने की अपील की। लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि 15 मई से चल रहे किशोरी समर कैंप में किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण और अधिकार जागरुकता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि थाना भ्रमण का उद्देश्य किशोरियों के मन से पुलिस के प्रति भय और संकोच दूर करना तथा उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से थानाध्यक्ष गोपालजी कुशवाहा, उपनिरीक्षक गोल्डी, मिशन शक्ति अभियान प्रभारी अनुजा गोस्वामी और पूर्व ग्राम प्रधान नारायण प्रताप सिंह को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किशोरियां, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

