वाराणसी : स्कूल के लिए निकली किशोरी लापता, युवक पर अपहरण का केस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव से कक्षा 10 में पढ़ने वाली 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी 25 अगस्त को रोज की तरह स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी। परिजनों की ओर से काफी तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
पिता के मुताबिक, उनकी बेटी खजुरी स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा है। 25 अगस्त को वह सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी वह वापस नहीं आई। पहले परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कहीं जानकारी नहीं मिली।
काफी प्रयास के बाद भी किशोरी का पता न चलने पर पिता ने पुलिस से संपर्क किया। तहरीर में उन्होंने खालिसपुर गांव निवासी शिवम राजभर पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही किशोरी और आरोपी की तलाश में जुटी है।

