वाराणसी : प्रेमी के घर पहुंची किशोरी, शादी की जिद पर अड़ी, मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में गुरुवार को प्रेम-प्रसंग का एक मामला चर्चा का विषय बन गया। 16 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी के घर पहुंचकर उससे शादी करने की जिद पर अड़ गई। मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों और पुलिस में हड़कंप मच गया। बाद में पुलिस और दोनों पक्षों के परिजनों की समझाइश के बाद किशोरी अपने घर लौट गई। थाने में हुई पंचायत में यह सहमति बनी कि किशोरी के बालिग होने पर दोनों की शादी करा दी जाएगी।

मिर्जामुराद क्षेत्र की रहने वाली किशोरी का पड़ोसी गांव के एक युवक से पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम प्रपंच चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्तेदारी में भी हैं। बुधवार शाम किशोरी बिना किसी को बताए घर से निकल गई और सीधे युवक के घर पहुंच गई। वहां उसने युवक से शादी करने की इच्छा जताते हुए घर लौटने से इनकार कर दिया।

काफी देर तक बेटी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में जानकारी मिलने पर किशोरी की मां ने मिर्जामुराद थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस युवक के घर पहुंची और दोनों को वहां से थाने ले आई। थाने में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और पंचायत चली। पुलिस एवं परिजनों के समझाने-बुझाने के बाद किशोरी अपने घर लौटने के लिए तैयार हो गई। अंततः दोनों परिवारों ने यह निर्णय लिया कि किशोरी के बालिग होने के बाद दोनों की शादी करा दी जाएगी।

Share this story