वाराणसी : कानपुर की श्रेया के स्थान पर बीएड प्रवेश परीक्षा देने पहुंची बिहार की तनिषा, पुलिस ने फर्जी अभ्यर्थी को पकड़ा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने पहुंची एक युवती को कपसेठी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में परीक्षा में सेंध लगाने वाले एक संगठित नेटवर्क की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, थाना कपसेठी क्षेत्र के कालिकाधाम पीजी कॉलेज, सेवापुरी में आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान एक संदिग्ध अभ्यर्थी की पहचान को लेकर परीक्षा केंद्र प्रशासन को संदेह हुआ। जांच में पता चला कि कानपुर निवासी वास्तविक अभ्यर्थी श्रेया भारती के स्थान पर बिहार निवासी तनिषा कुमारी परीक्षा देने पहुंची थी। आरोप है कि उसने कूटरचित प्रवेश पत्र, आधार कार्ड तथा संपादित फोटो के माध्यम से स्वयं को वास्तविक अभ्यर्थी के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया।

केंद्र व्यवस्थापक प्रो. अनिकेश कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती को पुलिस के हवाले कर दिया। उनकी तहरीर के आधार पर थाना कपसेठी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवती तनिषा कुमारी ने पुलिस को बताया कि उसे उसकी सहेली प्रीति के माध्यम से रोशन नामक युवक ने इस कार्य के लिए तैयार किया था। रोशन ने ही फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए और परीक्षा देने के लिए वाराणसी भेजा। इसके बदले उसे सात हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि शेष राशि परीक्षा पूरी होने के बाद देने का वादा किया गया था।

पुलिस ने बताया कि तनिषा कुमारी, निवासी महरावां, थाना रोह, जिला नवादा (बिहार), वर्तमान में पटना के आरके कॉलोनी क्षेत्र में रह रही थी। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी एवं महिला कांस्टेबल श्रद्धा अग्रहरि की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा प्रणाली में धोखाधड़ी करने वाले पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Share this story