वाराणसी : डिलीवरी बॉय की संदिग्ध मौत, छत से फेंकने का आरोप, मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरिया में ब्लिंकिट के 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय आदर्श कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में तीन मंजिला मकान से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद उनके बेटे को जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया गया। पुलिस ने घटना के चार दिन बाद दो नामजद समेत तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आदर्श कुमार मूल रूप से बलिया का निवासी था और लंका क्षेत्र के नरिया प्राइमरी स्कूल के पास किराये के मकान में रहकर ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता था। उसके पिता अरुण कुमार गुप्ता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते रविवार की रात अजय बंगाली, डब्लू पासी और अन्य लोग आदर्श को जैन मंदिर, नरिया के पीछे स्थित एक मकान में आयोजित पार्टी में ले गए थे।

आरोप है कि रात करीब 12 बजे किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने आदर्श को तीन मंजिला मकान की छत से नीचे धक्का दे दिया। घटना के बाद उसी मकान में रहने वाली एक महिला ने परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल आदर्श को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे कोमा में होने की जानकारी दी। उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता की शिकायत पर लंका थाने में अजय बंगाली, डब्लू पासी सहित तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में हत्या के आरोपों की पुष्टि होती है तो आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है।

Share this story