वाराणसी : नशे से दूरी ही स्वस्थ समाज की पहली सीढ़ी, छात्रों ने निकाली जागरुकता रैली

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शासन के निर्देश पर रविवार को भैरव तालाब स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा और विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए स्वस्थ और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुमनलता देवी और कार्यक्रम संयोजक प्रो. रणधीर सिंह ने किया। वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके स्वस्थ एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से ही विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। नशे की आदत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार के नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार समाज के निर्माण में उनकी भूमिका सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर प्रो. ब्रजेश कुमार जायसवाल, डॉ. मनोज कुमार यादव, डॉ. अम्बरीष सिंह, डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अखिलेश्वर तिवारी, डॉ. विनय कुमार सिंह, डॉ. रमेश कुमार सिंह, डॉ. मनोज कुमार राय, डॉ. प्रियरंजन, जयदीप राय, प्रेम कुमार सिंह, मनोज, सतीश, विशाल सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share this story