वाराणसी : ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरकर छात्रा की मौत, मचा कोहराम, बिहार के सिवान निवासी छात्रा वाराणसी में कर रही थी पढ़ाई
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट स्थित ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल में बुधवार को पांचवीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना से हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में छात्रा को बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
मृत छात्रा की पहचान स्नेहा मिश्रा (12) पुत्री तारकेश्वर मिश्रा, निवासी ग्राम बैजरहा, थाना गोपालपुर रतनपुर, जिला सिवान (बिहार) के रूप में हुई है। वह ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल में रहकर कक्षा सात की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि शिवप्रसाद गुप्त कॉलोनी, लेन नंबर तीन स्थित हॉस्टल की छत से एक बच्ची गिर गई है। सूचना पर लंका पुलिस तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
बताया गया कि हॉस्टल में स्नेहा के साथ दो अन्य छात्राएं भी रहती हैं। स्कूल के प्रबंधक त्रिभुवन सिंह और हॉस्टल की वार्डन प्रीति मिश्रा हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। डीसीपी काशी गौरव बसंवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा पांचवीं मंजिल से किन परिस्थितियों में गिरी, घटना के समय वहां कौन मौजूद था और हादसे की वजह क्या रही। परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके वाराणसी पहुंचने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही छात्रा की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

