वाराणसी : तेज आंधी ने मचाई तबाही, कई स्थानों पर गिरे पड़े, उड़े टीन शेड और छप्पर
वाराणसी। गुरुवार की देर रात आई तेज आंधी-तूफान और बारिश ने छावनी क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण अलग-अलग स्थानों पर लगभग आधा दर्जन पेड़ धराशाई हो गए, वहीं कई इलाकों में टीन शेड और छप्पर उड़ गए। पेड़ गिरने से कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो गया। हालांकि गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने रात में ही राहत और सफाई कार्य शुरू कर हालात सामान्य करने का प्रयास किया।

आंधी से सबसे अधिक नुकसान छावनी स्थित लाल चर्च के पास देखने को मिला, जहां तेज हवा के चलते एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में वहां खड़ा एक टेंपो ट्रेवलर आ गया, जिससे वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पास स्थित चर्च की दीवार को भी नुकसान पहुंचा। अचानक हुए हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति पेड़ की चपेट में नहीं आया।

इसी प्रकार मिंट हाउस स्टेशन जाने वाले मार्ग पर भी एक विशाल नीम का पेड़ गिर गया, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई और देर रात तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर छावनी प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटवाने का कार्य शुरू कराया। कई घंटों की मशक्कत के बाद मार्ग को फिर से चालू कराया गया।
इसके अलावा 39 जीटीसी के गेट नंबर-6 के पास भी पेड़ गिरने की सूचना मिली। तेज आंधी और बारिश के कारण छावनी क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति और आवागमन प्रभावित रहा। देर रात तक नगर निगम और प्रशासनिक टीमें राहत एवं सफाई कार्य में जुटी रहीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बरसात के मौसम को देखते हुए पुराने और कमजोर पेड़ों की समय रहते छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

