वाराणसी : अवैध शराब, ओवरलोडिंग और खनन पर कड़ा रुख, डीएम ने प्रवर्तन एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी संबंधित विभागों को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में वाणिज्य कर, आबकारी, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, परिवहन तथा खनन विभाग के प्रवर्तन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग, कर चोरी तथा अवैध खनन के मामलों में नियमित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रवर्तन टीमों की सक्रियता बढ़ाने और जुर्माना वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया।

123

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से आबकारी विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री और तस्करी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाए।

उन्होंने आबकारी विभाग को ईंट-भट्ठों, ढाबों, सुनसान क्षेत्रों और प्रमुख राजमार्गों पर विशेष छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व वृद्धि से जुड़े सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखते हुए शासन की मंशा के अनुरूप परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था और राजस्व हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता के हितों की रक्षा और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

Share this story