वाराणसी : हुड़दंगियों और ट्रैफिक रूल तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई, पुलिस ने चलाया व्यापक चेकिंग अभियान, वाहन चालकों में मचा हड़कंप
वाराणसी। धर्म नगरी वाराणसी में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ अब तेज होता नजर आ रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत पुलिस की विशेष नजर बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, काली फिल्म लगी कारों, तेज रफ्तार बाइकर्स और सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले युवाओं पर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में अपराधियों द्वारा चोरी की बाइकों और फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों के इस्तेमाल की घटनाएं सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इसको ध्यान में रखते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर जिगजैग बैरियर लगाकर वाहनों को रोककर गहन जांच की जा रही है। वाहन चालकों से लाइसेंस, आरसी और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा हेलमेट न पहनने, ट्रिपल राइडिंग करने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम तेज आवाज वाले साइलेंसर और संशोधित बाइक चलाने वालों पर भी विशेष नजर बनाए हुए है।

पुलिस के अनुसार अब तक अभियान के दौरान 40 से अधिक वाहनों का चालान किया जा चुका है, जबकि कई संदिग्ध और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज भी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।

एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि वाराणसी पुलिस अन्य राज्यों में हुई घटनाओं से सीख लेते हुए विशेष सतर्कता बरत रही है। कई मामलों में अपराधी नंबर प्लेट बदलकर वारदातों को अंजाम देते हैं, इसलिए बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध वाहनों की जांच को प्राथमिकता दी जा रही है।



