वाराणसी : अनफिट स्कूली वाहनों पर सख्ती, 5 सीज, मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई
वाराणसी। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एआरटीओ प्रवर्तन द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में अनफिट और नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को सीज किया गया।
अभियान के दौरान जांच में कई गंभीर खामियां सामने आईं। कुछ वाहन बिना परमिट संचालित हो रहे थे, जबकि कई में क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को बैठाया जा रहा था। इसके अलावा, वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था, जो बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है।
प्रवर्तन टीम ने ऐसे वाहनों को तत्काल रोककर कार्रवाई की और उन्हें सीज कर दिया। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधनों को भी नोटिस जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों में फर्स्ट एड किट, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस सिस्टम जैसी आवश्यक सुविधाएं नहीं पाई गईं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को केवल उन्हीं वाहनों से स्कूल भेजें, जो पूरी तरह फिट और सुरक्षित हों। साथ ही स्कूल प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वे अपने वाहनों की नियमित जांच कराएं और सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करें।

