वाराणसी : अवैध डेयरी हटाने पहुंची नगर निगम टीम पर पथराव, आधा दर्जन नामजद समेत कई पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महमूरगंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की टीम पर हमला और पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पशु कल्याण अधिकारी की तहरीर पर सिगरा थाने में आधा दर्जन नामजद तथा चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज अपनी टीम के साथ महमूरगंज स्थित अन्नपूर्णा नगर क्षेत्र में अवैध डेयरी की जांच और कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। टीम में फार्मासिस्ट अमरनाथ द्विवेदी, राजस्व निरीक्षक सिद्धार्थ दुबे समेत अन्य कर्मचारी भी शामिल थे। नगर निगम की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां मौजूद कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने पहले सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और नगर निगम कर्मियों के साथ अभद्रता तथा गाली-गलौज की। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई तथा टीम के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की की गई। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जब टीम ने कार्रवाई जारी रखने का प्रयास किया तो कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और टीम के सदस्यों को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा।

घटना के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने सिगरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पशु कल्याण अधिकारी ने पुलिस को बताया कि संबंधित स्थान पर अवैध डेयरी संचालन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। वर्ष 2023 में भी इसी मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा संबंधित पक्ष की ओर से वर्ष 2022 में नगर निगम को स्थल खाली कराने के लिए सहमति पत्र दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद अवैध डेयरी का संचालन जारी रहा और कार्रवाई का विरोध किया जाता रहा।

सिगरा थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच उपनिरीक्षक पंकज कुमार पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और नगर निगम टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story