वाराणसी : तेज रफ्तार थार ने बाइक में मारी टक्कर, 100 मीटर तक घसीटती रही बाइक, महिला और मासूम बेटी की मौत, देवर घायल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुलनपुर इलाके में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में महिला और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस ने थार वाहन को कब्जे में ले लिया। वहीं चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर निवासी सोनी राजभर अपने देवर मनीष राजभर और पांच वर्षीय बेटी के साथ मोढ़ैला गांव में आयोजित रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।

 

बताया जा रहा है कि भुलनपुर स्थित जीटी रोड पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही अनियंत्रित थार जीप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची मंडुवाडीह पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में सोनी राजभर और उनकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष राजभर का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। एडीसीपी लिपि नागायच ने बताया कि हादसे में शामिल थार वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।

Share this story