वाराणसी : मतदाता सूची में छूटे नाम जोड़ने के लिए 18 और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान, स्कूल-कॉलेजों में लगेंगे कैंप
सास-बहू सम्मेलन से बढ़ाएंगे महिला मतदाताओं की संख्या, डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
चिह्नित किए जाएंगे छूटे हुए मतदाता, एएसडी सूची का दोबारा कराया जाएगा सत्यापन
जिले का जेंडर रेसियो 900 तक बढ़ाने का प्रयास, महिला मतदाताओं को जोड़ने को आंगनबाड़ी-आशा का लेंगे सहयोग
वाराणसी। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र लोगों को जोड़ने के लिए प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा। इसके लिए 18 और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। दोनों दिन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 7 और 8 के साथ अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इसकी जानकारी दी।
बैठक में मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों, एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृतक) सूची के सत्यापन और एसआईआर के दौरान नोटिस जारी किए गए मतदाताओं से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छूटे हुए मतदाताओं को दोबारा चिह्नित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए एएसडी सूची का पुनः सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने सभी आठों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को अपने सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कॉलेजों में कैंप, महिलाओं के नाम जोड़ने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि पहली बार मतदान के योग्य हुए युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कॉलेजों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके साथ ही जिले का जेंडर रेशियो 900 तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अगले डेढ़ महीने तक सास-बहू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा। जिन बूथों पर महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जानिए किस काम के लिए कौन-सा फॉर्म
डीएम ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिक फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पते सहित अन्य प्रविष्टियों में संशोधन अथवा स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं। आवेदन भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर भी किया जा सकता है।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों को विशेष अभियान दिवसों की जानकारी दें और छूटे हुए पात्र मतदाताओं को आवेदन के लिए प्रेरित करें। उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार सहित सभी ईआरओ और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

