वाराणसी: अमलेशपुर में सड़क पर धान रोपकर सपा का प्रदर्शन, जर्जर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के अमलेशपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और सरकार का ध्यान क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सड़क की दुर्दशा पर नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण की मांग उठाई।

 

सपा नेता सचिन प्रजापति ने कहा कि अमलेशपुर की यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलभराव हो जाता है और गहरे गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। उनका कहना था कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें हर दिन दुर्घटना का खतरा उठाना पड़ता है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि जलभराव और गड्ढों की वजह से दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर घायल हो रहे हैं। कई बार गंभीर हादसे भी हो चुके हैं। अस्पताल जाने वाले मरीजों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भी इस सड़क से गुजरने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क की वर्तमान स्थिति आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है।

123

स्थानीय निवासी राजगीर ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढे पूरी तरह पानी से भर जाते हैं, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में वाहन चालक और पैदल राहगीर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों के पैर फ्रैक्चर हो चुके हैं, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार पर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। सचिन प्रजापति ने कहा कि सरकार बेहतर सड़क और तेज यातायात के दावे करती है, लेकिन अमलेशपुर की यह सड़क उन दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण और मरम्मत नहीं कराई गई तो समाजवादी पार्टी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर इससे भी बड़ा जनआंदोलन करेगी। प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि सड़क का तत्काल सर्वे कराकर मरम्मत और स्थायी निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिल सके।

Share this story