वाराणसी दक्षिणी विधानसभा में 6.09 करोड़ के विकास कार्यों का विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने किया शिलान्यास, गलियों और सड़कों का होगा कायाकल्प
वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी ने करीब 6 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस योजना के तहत कई वार्डों में गलियों और सड़कों का व्यापक पुनर्निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

नई तकनीक से बनेंगी गलियां, नहीं होगा नुकसान
शिलान्यास किए गए कार्यों में आदि विश्वेश्वर वार्ड, गोला दीनानाथ वार्ड, बिंदुमाधव वार्ड, प्रहलाद घाट वार्ड और काल भैरव वार्ड शामिल हैं। इन क्षेत्रों की सभी आंतरिक गलियों का पुनर्निर्माण आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। गलियों में पहले पीसीसी (कंक्रीट) बेस तैयार कर उस पर पत्थर लगाए जाएंगे, जिससे गलियां मजबूत रहेंगी और चूहों के कारण होने वाला नुकसान भी नहीं होगा।

काल भैरव से प्रह्लाद घाट तक बनेगी सीसी रोड
इसके अलावा काल भैरव से प्रह्लाद घाट को जोड़ने वाली सड़क, जो वर्तमान में खराब स्थिति में है, उसे पूरी तरह सीसी रोड में परिवर्तित किया जाएगा। बढ़ती भीड़ और जर्जर पटिया के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही थी, जिसे अब दूर किया जाएगा।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से विकास कार्य
इस अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि यह सभी कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिणी विधानसभा को समस्या मुक्त और सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें सड़कों और गलियों का सुधार प्राथमिकता में है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में मंडल अध्यक्षों, पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। इनमें बबलू सेठ, राजीव सिंह डब्बू, तारकेश्वर गुप्ता बंटी, गोपाल जी गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।




