वाराणसी : ऑटो बिजली के खंभे से टकराया, इकलौते बेटे की मौत, परिवार में मातम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के गंगापुर में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ऑटो दुर्घटना में 10 वर्षीय अभय यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी मां अनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

लंका थाना क्षेत्र के मलहिया निवासी प्रभु नारायण यादव का इकलौता पुत्र अभय यादव अपनी मां अनीता देवी के साथ मोहनसराय से ऑटो पर सवार होकर लोहता थाना क्षेत्र के सरवनपुर गांव स्थित अपने नाना काशीनाथ यादव के घर जा रहा था। जैसे ही ऑटो गंगापुर के पास पहुंचा, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अभय यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी मां अनीता देवी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है। सूचना मिलते ही गंगापुर चौकी इंचार्ज पवन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने ऑटो सहित चालक को कब्जे में लेकर परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।

Share this story