वाराणसी : 319 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक्स टीम को बड़ी सफलता
वाराणसी। अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना शिवपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 319 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर 11 अप्रैल को दोपहर करीब 2:40 बजे थाना शिवपुर क्षेत्र स्थित काशीधाम लॉन के पास छापेमारी की गई। इस दौरान कैफ जमाल उर्फ छोटू (32 वर्ष), निवासी शकुराबाद, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 319 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा जामा तलाशी में 1100 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना शिवपुर में मुकदमा संख्या 0159/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना शिवपुर के उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, उपनिरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल बृजेश, कांस्टेबल आमोद कुमार शामिल रहे। वहीं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम में उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल इंद्रजीत कुमार, कांस्टेबल शक्तिधर पांडेय, कांस्टेबल आशुतोष त्रिपाठी और कांस्टेबल अभिषेक पांडेय की अहम भूमिका रही।

