वाराणसी : खिलौने पाकर बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, खिलौनेवाला ट्रस्ट का साप्ताहिक खिलौना वितरण अभियान, हर रविवार जरूरतमंद बच्चों में बांट रहे खिलौने
वाराणसी। जरूरतमंद और गरीब परिवारों के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने की पहल के तहत खिलौनेवाला ट्रस्ट का साप्ताहिक खिलौना वितरण अभियान लगातार जारी है। रविवार को भी ट्रस्ट की ओर से बच्चों के बीच खिलौनों का वितरण किया गया। अपने पसंदीदा खिलौने पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान बच्चों के साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, अरुण सिंह और आरडी सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने हाथों से बच्चों को खिलौने वितरित किए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने तथा मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।

खिलौने मिलने पर बच्चों की खुशी देखते ही बनी। किसी ने खिलौने को हाथ में लेकर खुशी जाहिर की तो कोई उसे अपने साथ लेकर उत्साहित नजर आया। बच्चों के अभिभावकों ने भी ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी खुशियां मिलती हैं।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। खिलौने बच्चों के बचपन का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई परिवार अपने बच्चों की यह छोटी-सी इच्छा भी पूरी नहीं कर पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने प्रत्येक रविवार को खिलौने वितरण का अभियान शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से जारी रहेगा। संस्था का प्रयास है कि कोई भी बच्चा खिलौनों से वंचित न रहे। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से इस पुनीत कार्य में आगे आकर सहयोग करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक खुशियां पहुंचाई जा सकें।

