वाराणसी : जुआ खेलते छह गिरफ्तार, 7200 रुपये और ताश की गड्डी बरामद
वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस ने परशुरामपुर क्षेत्र में जुआ खेलने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और मौके से 52 ताश के पत्ते तथा कुल 7200 रुपये बरामद किए। इसमें 5940 रुपये फड़ से और 1260 रुपये आरोपियों की जामातलाशी से मिले हैं। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई चार अक्टूबर की देर रात करीब 1:35 बजे की गई।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरुणा जोन के अधिकारियों के निर्देशन और एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि परशुरामपुर के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव शर्मा (19), राहुल यादव (26), राकेश यादव (20), तूफानी गोंड (19), चन्दन भारद्वाज (32) और विकाश यादव (26) के रूप में हुई है। सभी सारनाथ थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 5940 रुपये जुआ फड़ से बरामद किए। इसके अलावा तलाशी के दौरान 1260 रुपये मिले। बरामदगी के आधार पर सारनाथ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 506/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गौरव शर्मा और तूफानी गोंड के खिलाफ पूर्व में भी सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज है। दोनों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 294/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई दर्ज है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक शिवनारायण सिंह, कांस्टेबल रजत शाही, बलबीर गोंड, झीनक कुमार और अंकित कुमार शामिल रहे।

