वाराणसी : श्रेया उपाध्याय हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्रेया उपाध्याय हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और सफलता मिली है। राजातालाब पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए दूसरे आरोपी रामसहाय चौबे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार विवेचना में उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद कार्रवाई की गई। वहीं, हत्याकांड के मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के मुताबिक राजातालाब थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त को लापता हुई थी। इसके बाद 20 अगस्त को उसका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में बरामद हुआ था। मामले में राजातालाब थाने में मुकदमा संख्या 157/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद राजातालाब पुलिस और एसओजी की चार टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 24 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में आरोपी पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार किया गया था। उसे आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया। इसके बाद 27 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजातालाब पुलिस ने रामसहाय चौबे पुत्र स्व. मंगला प्रसाद चौबे, निवासी नियारडीह, थाना चोलापुर को जमुआ तिराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की विवेचना में सामने आया कि रामसहाय अपने पुत्र विवेक चौबे उर्फ निखिल की शादी श्रेया से कराना चाहता था। श्रेया के परिजनों द्वारा विवाह से इनकार करने और उसका रिश्ता कहीं और तय किए जाने से वह नाराज था। पुलिस के अनुसार उसने श्रेया को लेकर धमकी भी दी थी। पुलिस ने बताया कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद रामसहाय को गिरफ्तार किया गया। अब मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दयाराम, उपनिरीक्षक आनंद कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक रामविलास यादव, कांस्टेबल मन्तोष शाह, रिजर्व कांस्टेबल सुधाकर और हेड कांस्टेबल चालक सुनील कुमार सिंह शामिल रहे।

Share this story