वाराणसी : 22 वार्डों की बदलेगी तस्वीर, 103.87 करोड़ की परियोजना से सीवर और पेयजल व्यवस्था होगी दुरूस्त 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों में 103.87 करोड़ से सीवर और पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त किया जाएगा। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने परियोजना का विधिवत शिलान्यास और भूमि पूजन किया। 

महापौर ने कहा कि यह परियोजना काशी के नागरिकों को लंबे समय तक राहत देने वाली साबित होगी। उन्होंने बताया कि नई सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य बड़े पैमाने पर किया जाएगा, जिसके चलते लगभग एक वर्ष तक विभिन्न क्षेत्रों में सड़क खुदाई और यातायात संबंधी असुविधाएं हो सकती हैं। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह अस्थायी परेशानी आने वाले 70 से 75 वर्षों तक सीवर और पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगी।

123

महापौर ने जानकारी दी कि नई बस्ती वार्ड में लगभग 76.73 करोड़ रुपये की लागत से 26 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी तथा घर-घर सीवर गृह संयोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 27.14 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन एवं गृह संयोजन का कार्य भी किया जाएगा, जिसकी टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है। परियोजना पूरी होने के बाद न केवल सीवर जाम और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि प्रत्येक घर तक पर्याप्त दबाव के साथ स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति भी सुनिश्चित हो सकेगी।

कार्यक्रम में शहर उत्तरी के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने भी परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सरकार काशी को आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद राजेश यादव, संजय जायसवाल, दिनेश यादव, बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, अशोक मौर्या, मदन मोहन दुबे, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, राजेन्द्र मौर्या, अनिल सोनकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this story