वाराणसी : सील किए गए भवन में चोरी-छिपे निर्माण, दीवार गिरने से कई घायल, गृहस्वामी पर एफआईआर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में एक सील किए गए भवन में अवैध निर्माण कार्य के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। बुधवार को निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से कई मजदूर घायल हो गए। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामेश्वर तिवारी द्वारा ऑनलाइन मानचित्र संख्या VDA/BP/23-24/0282 के तहत स्टिल्ट प्लस तीन मंजिला आवासीय भवन का नक्शा स्वीकृत कराया गया था। लेकिन स्वीकृत मानचित्र के विपरीत सेटबैक को कवर करते हुए लगभग 50×50 क्षेत्रफल में बेसमेंट, ग्राउंड और प्रथम तल के ऊपर आरसीसी पिलर का निर्माण किया जा रहा था।

123

इस अनियमितता को देखते हुए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा-27 के तहत 1 मई 2025 को कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर स्थानीय थाने की अभिरक्षा में सौंप दिया था। इसके बावजूद निर्माणकर्ता द्वारा चोरी-छिपे, विशेषकर रात के समय, निर्माण कार्य जारी रखा गया।

बाद में प्राधिकरण ने 12 मार्च 2026 को धारा-28 (क) के तहत दोबारा कार्रवाई करते हुए स्थल को पुनः सील किया और स्थानीय थाने को लिखित सूचना भी भेजी। बावजूद इसके निर्माण गतिविधियां रुक-रुक कर जारी रहीं, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य चलाया और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वीडीए सचिव ने बताया कि संबंधित अवैध निर्माणकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी सील किए गए भवन में अवैध निर्माण करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story