वाराणसी : हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने सिक्योरिटी गार्ड को मारी टक्कर, मौत
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव स्थित ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक सिक्योरिटी गार्ड की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रयागराज जनपद के सरायइनायत थाना क्षेत्र के कतवारूपुर गांव निवासी सुरेश मौर्या (55 वर्ष) वाराणसी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार को वह प्रयागराज से वाराणसी जाने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव के पास हाइवे किनारे खड़े होकर वह किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वाराणसी की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरेश मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर कछवांरोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस को मृतक के पास से मिले मोबाइल फोन के माध्यम से उनकी पहचान हुई, जिसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

