वाराणसी : गाड़ी ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में स्कार्पियो सवार युवकों ने सड़क पर किया हंगामा व गुंडागर्दी, पहुंचे हवालात

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क पर दबंगई और हंगामे का मामला सामने आया, जहां स्कॉर्पियो सवार युवकों ने ओवरटेक को लेकर एक कार चालक के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। नगवा पुलिस चौकी के सामने हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

शनिवार को नगवा क्षेत्र में एक कार और स्कॉर्पियो के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने अचानक कार के सामने वाहन रोक दिया और गाड़ी से उतरकर चालक के साथ बदसलूकी करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक ने बीच सड़क पर गाली-गलौज शुरू कर दी। वायरल वीडियो में आरोपी लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करता नजर आ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कार चालक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपी युवक और अधिक उग्र हो गया। उसने वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करने की धमकी दी और कार चालक के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। इसी दौरान स्कॉर्पियो में बैठे दो अन्य युवक भी नीचे उतर आए और सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के चलते कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

पीड़ित युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। बाद में उसने वीडियो पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू की गई। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार युवकों की पहचान शुभम पटेल और सचिन पटेल के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस स्कॉर्पियो से आरोपी घूम रहे थे, उसमें काले रंग की अवैध फिल्म लगी थी और नियमों के विरुद्ध हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस वाहन से संबंधित अन्य नियमों के उल्लंघन की भी जांच कर रही है।

Share this story