वाराणसी : चंदौली के सतपाल ने कालाजंग दांव से जम्मू-कश्मीर के पहलवान को दी पटखनी, अपने नाम कर ली 60 हजार की इनामी कुश्ती
वाराणसी। गामा पहलवान की स्मृति में चिरईगांव के बरियासनपुर में आयोजित विराट कुश्ती दंगल रविवार को खेल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा। इस दंगल में देश के विभिन्न हिस्सों से आए पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेच का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मुख्य मुकाबले में चंदौली के पहलवान सतपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर के पहलवान मांगी को ‘कालाजंग’ दांव से पटखनी दी और 60 हजार रुपये का इनाम अपने नाम किया।

दंगल में अहरक के पहलवान विवेक ने बजरंग नगर के विकास को ‘धोबिया पछाड़’ दांव से चित कर खूब वाहवाही बटोरी। वहीं जम्मू-कश्मीर के राकेश और डीएलडब्ल्यू के अर्जुन के बीच हुआ मुकाबला सबसे रोमांचक रहा। दोनों पहलवानों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और अंततः मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
इसके अलावा गौराकला के शिवम और हरहुआ के राहुल के बीच भी जोरदार कुश्ती देखने को मिली, जिसमें दोनों पहलवानों ने लगातार आक्रामक दांव-पेच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कुल मिलाकर दंगल में 60 से अधिक जोड़ी कुश्तियां आयोजित हुईं, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चंदौली से समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने अखाड़े के लिए फ्री स्टाइल कुश्ती हेतु गद्दा उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुश्ती भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे संरक्षित रखना समाज की जिम्मेदारी है। दंगल में निर्णायक की भूमिका उस्ताद पुनवासी पटेल और अंतरराष्ट्रीय पहलवान सुरेंद्र पटेल ने निभाई। कार्यक्रम में ओलंपियन गुलाब पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन झगड़ू पहलवान ने किया।

