वाराणसी : अस्सी पार्किंग के पास साड़ी व्यापारी पर हमला, फॉर्च्यूनर में तोड़फोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बेखौफ बदमाशों ने एक साड़ी व्यापारी पर हमला कर दहशत फैला दी। अस्सी पार्किंग के पास हुई इस घटना में बाइक सवार युवकों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट करते हुए पीड़ित की फॉर्च्यूनर कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पेशे से साड़ी व्यापारी दशाश्वमेघ क्षेत्र के लाहौरी टोला निवासी यश कपूरने पुलिस को जानकारी दी कि रविवार की सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच वह अपनी फॉर्च्यूनर कार से अस्सी घाट की ओर से गुजर रहे थे। जैसे ही वह अस्सी पार्किंग के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार 3-4 युवक आए और बिना किसी वजह उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे।

पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपियों ने अचानक हमला बोल दिया। युवकों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि ईंट-पत्थरों से उनकी गाड़ी पर भी हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान आसपास के लोग सहमे रहे और किसी ने हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं जुटाई।

यश कपूर ने बताया कि जान बचाने के लिए वह वहां से निकलकर घर की ओर भागने लगे, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते रहे। भेलूपुर चौराहे के पास एक बार फिर बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और दोबारा मारपीट करते हुए गाड़ी में तोड़फोड़ की। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे पीड़ित काफी भयभीत हो गए।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी के रूप में ऋषभ सिंह राजपूत का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का आपराधिक गतिविधियों से पुराना संबंध रहा है। कुछ समय पहले उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित रूप से हथियार के साथ फायरिंग करता नजर आया था। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Share this story