वाराणसी : वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सफाईकर्मियों का प्रदर्शन, सड़क पर बिखेरा कूड़ा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले नगर निगम के सफाईकर्मियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंका स्थित मालवीय प्रतिमा के पास जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप सड़क पर कूड़ा बिखेर दिया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सफाईकर्मियों ने चेताया कि यदि जल्द मांगे पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। सड़क पर कूड़ा बिखेरे जाने की वजह से राहगीरों को काफी परेशानी हुई। वहीं गंदगी और दुर्गंध से स्थानीय दुकानदार भी परेशान रहे। 

123

प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों का कहना था कि वे प्रतिदिन सुबह से देर शाम तक शहर की साफ-सफाई में जुटे रहते हैं और वाराणसी को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो पर्याप्त वेतन मिल रहा है और न ही समय पर भुगतान किया जा रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अन्य विभागों के कर्मचारियों का वेतन लगातार बढ़ाया जा रहा है, जबकि सफाईकर्मियों का वेतन वर्षों से जस का तस बना हुआ है।

सफाईकर्मियों ने बताया कि पहले से ही कम वेतन में परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा था, लेकिन अब उनके वेतन में कटौती भी की जा रही है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है। कर्मचारियों का कहना था कि बढ़ती महंगाई के बीच बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करना कठिन होता जा रहा है।

123

प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी ने कई बार सार्वजनिक रूप से सफाईकर्मियों का सम्मान किया है और स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि सम्मान और प्रशंसा की बातें तो होती हैं, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, वेतन में बढ़ोतरी नहीं हुई और समय पर भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप करने को मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि उनका आंदोलन वेतन वृद्धि, वेतन कटौती बंद करने और नियमित भुगतान सुनिश्चित कराने तक जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। लगातार नारेबाजी के बीच प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की गई। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

Share this story