वाराणसी : मानदेय बकाया होने पर हड़ताल पर सफाईकर्मी, वाराणसी के कई इलाकों में कूड़ा उठान में परेशानी
वाराणसी। शहर में एक बार फिर सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़ी कंपनी West Solution Private Limited के कर्मचारियों ने मानदेय न मिलने के विरोध में हड़ताल शुरू कर दी है, जिसका सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है।
पिछले दो महीनों से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण करीब 500 कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार कंपनी प्रबंधन से अपनी समस्या उठाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। मजबूर होकर उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
इस हड़ताल का सबसे अधिक असर आदंपुर और जैतपुरा जोन में देखने को मिल रहा है। इन इलाकों में कूड़ा उठान पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे सड़कों और गलियों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं। हालात यह हैं कि 50 से अधिक कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां सड़कों पर नहीं निकलीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
स्थानीय लोगों को गंदगी, बदबू और संभावित बीमारियों का खतरा सताने लगा है। गर्मी के मौसम में कूड़े का ढेर स्वास्थ्य के लिए और भी खतरनाक साबित हो सकता है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है।
इधर, हड़ताल के चलते नगर निगम और कंपनी प्रबंधन पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है। शहरवासियों का कहना है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

